स्पोर्ट्स डेस्क: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लाॅकडाउन के दौरान अपने शहर रांची में अपनी फैमिली के साथ टाइम स्पेंड करते आए दिन नजर आते रहते है। जहां उनकी पत्नी साक्षी सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर फैंस को माही की झलक दिखाई जाती है। ऐसे में धोनी टैक्टर की सवारी करते नजर आए थे। जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है।
दरअसल, खबरों की माने तो माही ने एक ट्रैक्टर खरीदा है। पिछले दिनों चेन्नई सुपर किंग्स ने इंस्टाग्राम पर ट्रैक्टर की सवारी करते माही की तस्वीरें भी साझा की थी। कहा जा रहा है कि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने 8 लाख रुपए में इसे खरीदा है। ट्रैक्टर के साथ माही को देखकर अलग-अलग चर्चाएं थीं। लेकिन माही ने ये ट्रैक्टर इसलिए खरीदा है क्यों कि वह जैविक खेती में अपना हाथ अजमा रहे है।
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर अपने पति के संन्यास लेने की खबरों पर हैरानी जताते हुए स्पष्ट संकेत दिए कि इस पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान की नजरें अब भी राष्ट्रीय टीम में वापसी पर टिकी हैं। धोनी पिछले एक साल से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। वह पिछली बार भारत की ओर से न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में खेले थे जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था और तभी से उनके भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में भी इस बार उन्हें जगह नहीं दी।