Sports

नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला उनके बेहद करीबी दोस्तों के लिये भी काफी जज्बाती रहा जो उनके संघर्ष के दिनों के साक्षी रहे और उनका मानना है कि माही जैसा ‘कोहिनूर' अब क्रिकेट जगत को नहीं मिलने वाला।

PunjabKesari
चार बरस की उम्र से धोनी के दोस्त सीमांत लोहानी (चिट्टू) ने रांची से भाषा से बातचीत में कहा, ‘क्या कहूं मैं माही के बारे में। उसने हमें इतना हंसने का मौका दिया। इतनी आईसीसी ट्राफी दिलाई जों किसी कप्तान ने नहीं दिलाई। हम उस पर जितना गर्व करें, कम है।' लोहानी ने कहा, ‘वह भारतीय क्रिकेट का कोहिनूर है। आने वाले समय में कई महान खिलाड़ी आयेंगे लेकिन महेंद्र सिंह धोनी जैसा कोई नहीं होगा।' यह पूछने पर कि कामयाबी के शिखर पर पहुंचने के बाद क्या वह अपने पुराने दोस्तों के लिए वही माही रहा है।

PunjabKesari
लोहानी ने कहा, ‘आदमी सेलिब्रिटी बन जाये तो दोस्तों को थोड़ी भूल जाता है। अगर आप उससे मिले हैं तो ऐसा सवाल जेहन में आना ही नहीं चाहिए।' धोनी पर बनी फिल्म ‘एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में उनके परम मित्र लोहानी, परमजीत सिंह और छोटू भैया के अहम किरदार रहे हैं। पिछले साल नवंबर में धोनी के फार्महाउस पर लोहानी के जन्मदिन की तस्वीरें सामने आई थी। उन्होंने कहा, ‘मैं नर्सरी से साढे तीन साल की उम्र से उसका दोस्त हूं। कैरियर में वह व्यस्त हो गया। उसने कई उतार चढाव देखे लेकिन भीतर से अभी भी वह रांची का वही लड़का है ।उसके बर्ताव में कोई बदलाव नहीं आया है।' 

PunjabKesari
क्या भविष्य में धोनी को भारतीय क्रिकेट में किसी भूमिका में देखते हैं, यह पूछने पर लोहानी ने कहा, ‘हम उसके बहुत अच्छे दोस्त हैं लेकिन क्रिकेट उसका प्यार है । भविष्य में वह क्या करता है और क्या फैसला लेता है, यह वही तय करेगा। हम उसके क्रिकेट पर टिप्पणी नहीं कर सकते।' सोलह साल के धोनी के कैरियर में कभी मीडिया से बात नहीं करने वाले लोहानी ने कहा, ‘मैने 2004 में उसके भारतीय टीम में चयन के बाद सारे मीडिया वालों का फोन उठाया और फिर कल उठाया। इस बीच 16 साल में कभी मीडिया से बात नहीं की। कोई वजह भी नहीं थी।'