Sports

नई दिल्लीः वैसे तो क्रिकेट का भगवान 'मास्टर ब्लास्टर' सचिन तेंदलुकर को कहा जाता है। लेकिन महेंद्र सिंह धोनी भी अपने फैंस के लिए किसी भगवान से कम नहीं हैं। इस बात का सबूत देती है माैजूदा समय में चल रही आईपीएल सीजन में उनके प्रति फैंस की दिवानगी। शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स का राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के साथ मुकाबला हुआ। चेन्नई ने धोनी की बदाैलत यह 6 विकेट से अपने नाम किया। मैच जीतने के बाद एक बार फिर धोनी का एक फैन मैदान पर उनके पैर छूने पहुंच गया। 

धोनी के इस फैन ने सीएसके की जर्सी पहन रखी था, जिस पर धोनी का लकी नंबर सात लिखा हुआ था। ऐसा पहली बार नहीं है जब धोनी के बीच मैच में किसी फैन ने पांव छुए हों। बीते दिनों धोनी के साथ इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में भी धोनी से मिलने एक फैन मैदान में पहुंच गया था।

इससे पहले कोलकाता के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में धोनी डग आउट में अपने साथी खिलाड़ियों के साथ थे। ऐसे में बिना सिक्योरिटी की परवाह किए एक फैन वहां आ पहुंचा और धोनी के पैर छू लिए। धोनी ने अपने इस फैन की पीठ थपथपा कर उसे आशीर्वाद भी दिया। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड उसे पकड़कर वहां से ले गए।