स्पोर्ट्स डेस्क : नई दिल्ली में प्रतिष्ठित दिल्ली गोल्फ क्लब (DGC) में बुधवार से DGC जूनियर/सब-जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट की शुरुआत हो गई। तीन दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देशभर के 7 से 21 वर्ष आयु वर्ग के 162 युवा गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में रोजाना 18 होल खेले जाएंगे और इसका आयोजन उषा (Usha) के सहयोग से किया जा रहा है।
भारत के उभरते गोल्फ सितारे मैदान में
इस प्रतियोगिता में भारत के कई होनहार युवा गोल्फरों पर सबकी नजरें रहेंगी। रक्षित दहिया, योग्य भल्ला और रणवीर मित्रो जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरे हैं। यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बेहतरीन अवसर देगा।
30 से ज्यादा जरूरतमंद खिलाड़ियों को मिला विशेष सहयोग
टूर्नामेंट की खास बात यह है कि आयोजकों ने 30 से अधिक आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों की एंट्री फीस पूरी तरह माफ कर दी है। इसके अलावा उन्हें कोचिंग, ऑन-कोर्स प्रैक्टिस और कैडी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रह जाएं।
'यह सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, अवसर और समावेशिता का उत्सव'
उषा इंटरनेशनल की हेड – स्पोर्ट्स इनिशिएटिव्स कोमल मेहरा ने कहा, 'यह टूर्नामेंट अब केवल एक प्रतियोगिता नहीं रह गया है, बल्कि यह समावेशिता, अवसर और गोल्फ के प्रति जुनून का उत्सव बन चुका है। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देना है।' उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता से भविष्य में भारत को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के गोल्फर मिलेंगे।