Sports

गोल्ड कोस्टः विश्व चैम्पियन भारोत्तोलक मीराबाई चानू ( 48 किलो ) ने तीन रिकार्ड बनाते हुए बेहतरीन प्रदर्शन के साथ भारत को 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। चानू ने यादगार प्रदर्शन करते हुए स्नैच में राष्ट्रमंडल और खेलों का रिकार्ड तोड़ा। 


चानू ने तीनों प्रयासों में 80 किलो, 84 किलो और 86 किलो वजन उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में भी अपने शरीर के वजन से दुगुना वजन उठाया। उसने तीन सफल प्रयासों में 103 किलो, 107 किलो और 110 किलो वजन उठाकर खेलों का ओवरआल रिकार्ड अपने नाम किया। चानू ने ग्लास्गो में पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। 
PunjabKesari
शानदार प्रदर्शन
चानू ने कुल 196 किलो ( 86 और 110 किलो ) वजन उठाया। इससे पहले उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 194 किलो ( स्नैच 85 और क्लीन एंड जर्क 109 ) था जो उसने कुछ महीने पहले विश्व चैम्पियनशिप में बनाया था। चानू की निकटतम प्रतिद्वंद्वी मानी जा रही कनाडा की अमांडा ब्राडोक क्लीन एंड जर्क में एक भी प्रयास में सफल नहीं रही । 
इससे पहले पी गुरूराजा ने पुरूषों के 56 किलो वर्ग में भारत को रजत पदक दिलाया था।