Sports

मास्कोः पुर्तगाल के कोच फर्नांडो सांतोस ने चौथा फुटबाल विश्व कप खेल रहे दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तुलना ‘पोर्ट वाइन’ से की है जो पुरानी होने के साथ और बेहतर होती जाती है।      

रोनाल्डो ने कल फुटबाल विश्व कप के ग्रुप बी मैच में मोरक्को के खिलाफ मैच के चौथे मिनट में गोलकर टीम को 1-0 से जीत दिलायी थी। इससे पहले उन्होंने 2010 के चैम्पियन स्पेन के खिलाफ भी हैट्रिक गोल कर मैच को ड्रा कराया था। विश्व कप में पुर्तगाल के चारों गोल रोनाल्डो ने किये है। पिछले तीन विश्व कप में वह कुल तीन गोल ही कर पाये थे लेकिन टूर्नामेंट के इस सत्र में उन्होंने दो मैचों में ही चार गोल कर दिये हैं।      
PunjabKesari
सांतोस ने कहा, ‘‘ क्रिस्टियानो रोनाल्डो ‘पोर्ट वाइन’ की तरह है। वह उम्र के साथ और बेहतर होता जा रहा है। दूसरे खिलाडिय़ों की तरह उसमें भी लगातार सुधार हो रहा है।’’ सांतोस ने कहा, ‘‘ वह दो-तीन साल बाद ऐसा प्रदर्शन नहीं कर सकेगा। उसने चार-पांच साल पहले जैसा प्रदर्शन किया, अब उससे बेहतर है। वह खुद को अच्छे से जानता है और उसे पता है कि क्या करने की जरूरत है।’’      

रोनाल्डो ने विश्व कप क्वालीफाइंग मुकाबलों में 15 गोल किये थे जिससे पुर्तगाल ने लगातार नौ मुकाबले जीत कर लगातार पांचवी बार इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया। टीम में रोनाल्डो के साथी खिलाड़ी बर्नांडो सिल्वा ने कहा, ‘‘ वह शानदार खिलाड़ी है। शब्दों में उसकी तारीफ नहीं की जा सकती। अगर वह इतिहास का सबसे महान खिलाड़ी नहीं है तो महान खिलाडिय़ों में से एक जरूर हैं।’’