Sports

बैसेटेरे : कैरिबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 मैच में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स और बारबाडोस ट्राइडेंट्स के बीच हुए मुकाबले में जॉसनसन चार्ल्स को मैदानी अम्पायर द्वारा आउट करार दिए जाने के बाद टीवी अम्पायर ने इस गेंद को नो बॉल करार दिए जाने घटना को लेकर क्रिस ग्रीन और जेसन होल्डर ने अम्पायर के फैसले की ओलचना की। यह मुकाबला पैट्रियट्स ने जीता। 

मुकाबले के दौरान चार्ल्स एक ऊंची फुल-टॉस गेंद पर डीप में कैच आउट हो गए थे। शुरुआती फैसला ‘आउट' का था और चार्ल्स मैदान से बाहर जा भी रहे थे, लेकिन थर्ड अंपायर के रिव्यू के बाद उन्हें वापस बुला लिया गया, जिससे ट्राइडेंट्स के खिलाड़ी बिल्कुल भी खुश नहीं थे। मैच के बाद ट्राइडेंट्स के कप्तान क्रिस ग्रीन ने कहा, 'मुझे लगता है कि आज रात अंपायरों ने खेल को ठीक से नहीं संभाला।' पैट्रियट्स ने यह मैच छह विकेट से जीता। अंपायरों के लिए स्थिति और भी खराब तब हो गई जब जीतने वाली टीम के कप्तान जेसन होल्डर भी ग्रीन की बात से सहमत दिखे। 

होल्डर ने कहा, 'शायद यह अंपायरों के लिए एक चेतावनी है कि उन्हें थोड़ा और सख्त और निर्णायक होना चाहिए।' ट्राइडेंट्स के चार विकेट पर 217 रन के स्कोर का पीछा करते हुए पैट्रियट्स की पारी के तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद थी। रेमन सिमंड्स ने गेंद फेंकी। गेंद ऊंची थी और स्टंप्स की सीध में थी। चार्ल्स ने जोर से बल्ला घुमाया, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही और डीप स्क्वायर लेग पर शेरफेन रदरफोर्ड ने डाइव लगाकर गेंद को लपक लिया। मैदानी अंपायर ने नो-बॉल नहीं दी, इसलिए चार्ल्स पवेलियन लौट गए। 

स्टैंड्स में हंगामा मच गया (बैसेटेरे पैट्रियट्स का घरेलू मैदान है) और उनकी सपोर्ट स्टाफ के सदस्य रिजर्व अंपायर ग्रेगरी ब्रेथवेट से मैदान के किनारे गुस्से में बात करते दिखे। चार्ल्स वापस आ गए, क्योंकि टीवी अंपायर कार्ल टकेट ने घटना की समीक्षा की और मैदानी अंपायर क्रिस राइट और जाहिद बसारथ के फैसले को पलट दिया। इसके बाद ग्रीन और रदरफोडर् समेत ट्राइडेंट्स के अन्य खिलाड़ियों ने मैदानी अंपायरों से बहस की, लेकिन फैसला लिया जा चुका था। और फ्री-हिट पर छक्का जड़ा गया, जिससे ट्राइडेंट्स के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा हुआ। 

चार्ल्स ने अपनी 45 गेंदों में 78 रनों की पारी से पैट्रियट्स को टूर्नामेंट में दूसरी जीत दिलाई और प्रसारण के दौरान कहा, 'शुरुआत से ही मुझे लगा कि यह नो-बॉल है क्योंकि यह सब कॉन्टैक्ट पॉइंट की बात है, और मुझे उसी समय लगा कि यह नो-बॉल है। लेकिन आप जानते हैं, कुछ विवाद खेल में रोमांच भर देते हैं, और यह सब अंपायरों पर निर्भर करता है।'