Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए कई मशहूर हस्तियां और खिलाड़ी मदद का हाथ बढ़ा रहे हैं। भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) और पूर्व क्रिकेटर तथा मौजूदा लोकसभा सांसद गौतम गंभीर (Goutam Gambhir) ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई के लिए पैसे दान दिए हैं। रहाणे ने 10 लाख रुपए जबकि गंभीर ने एक करोड़ देने का ऐलान किया है। 

अजिंक्य रहाणे और गौतम गंभीर ने कितने रूपए दान किये 

Ajinkya Rahane photo, Ajinkya Rahane images

रहाणे ने महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रूपए का दान दिया। इस बात की जानकारी रहाणे के एक करीबी सूत्र ने एक समाचार एजेंसी को दी। वहीं गंभीर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा, यह समय देश के सभी संसाधनों को कोविड-19 से लड़ने के लिए तैयार किए जाने का है। राहत प्रयासों की दिशा में मेरे सांसद ऋण निधि से एक करोड़ रुपए जारी किया है। इसके साथ ही में अपनी एक महीने की सैलरी भी केंद्रीय राहत कोष में दे रहा हूं। यह वक्त हैं कि हम सब एकसाथ खड़े रहें। गंभीर ने इससे पहले भी अपने सांसद निधि कोष से 50 लाख रुपए की मदद देने की घोषणा की थी। 

कोरोना वायरस से लड़ने के लिए खिलाड़ियों द्वारा दान दी गयी राशि 

Gautam Gambhir photo, Gautam Gambhir images

वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 50 लाख रूपए का जबकि पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 52 लाख रूपए का योगदान दिया है। भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने कोरोना पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में 31 लाख और उत्तर प्रदेश आपदा राहत कोष में 21 लाख रुपये देने की घोषणा की है। पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान और उनके भाई ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने बड़ौदा पुलिस को जरूरतमंदों में वितरित करने के लिए 4000 मास्क दिए हैं। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने एक चावल कंपनी की मदद से जरुरतमंदों को 50 लाख के चावल बांटने की घोषणा की है। भारतीय शटलर पीवी सिंधू भी 10 लाख रुपए की सहायता राशि दान कर चुकी है। 

कोरोना वायरस का असर 

गौर हो कि विश्व भर में कोरोना वायरस के कारण करीब 31 हजार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि भारत में इस खतरनाक वायरस ने 25 लोगों का जीवन छीन लिया है। वहीं भारत में इस वायरस से करीब एक हजार लोग ग्रस्त होने की जानकारी है।