Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) को 23 रन से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 222/4 का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में पंजाब किंग्स 199/8 ही बना सकी। हालांकि हार के बावजूद PBKS के युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनोली ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

कूपर कॉनोली ने तोड़ा जयसूर्या का रिकॉर्ड

कूपर कॉनोली IPL के डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ दिया। कॉनोली ने RCB के खिलाफ 22 गेंदों में 37 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसी के साथ उनके इस सीजन में छक्कों की संख्या 32 पहुंच गई। वहीं सनथ जयसूर्या ने IPL 2008 के पहले सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 31 छक्के लगाए थे।

शानदार फॉर्म में हैं कॉनोली

PBKS के लिए कूपर कॉनोली इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 12 पारियों में 473 रन बनाए हैं। उनका औसत 47.30 और स्ट्राइक रेट 162.54 का रहा है। इस दौरान उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 107* रहा है।

विराट और वेंकटेश ने PBKS पर बरपाया कहर

मैच में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। RCB की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जैकब बेथेल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला। विराट कोहली ने 37 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 25 गेंदों में 45 रन की पारी खेली। इसके बाद वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंदों में नाबाद 73 रन ठोक दिए। टिम डेविड ने भी 12 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को 222 रन तक पहुंचाया।

PBKS की कोशिश नाकाम

223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य और कप्तान श्रेयस अय्यर जल्दी आउट हो गए।

इसके बाद कूपर कॉनोली और सूर्यांश शेडगे ने टीम को संभालने की कोशिश की। बाद में मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले में वापसी दिलाने का प्रयास किया। शशांक ने 27 गेंदों में 56 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। RCB के लिए रसिख सलाम डार ने 3 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट झटके।

प्लेऑफ में पहुंची RCB, PBKS की मुश्किलें बढ़ीं

इस जीत के साथ RCB ने 18 अंकों के साथ IPL 2026 प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है और टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं पंजाब किंग्स को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा। अब PBKS को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने आखिरी मुकाबले में जीत के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।