Sports

नई दिल्ली : भारत के अनुभवी युगल खिलाड़ी रोहन बोपन्ना इस साल लगातार खराब प्रदर्शन के कारण पिछले नौ वर्षों में अपने करियर की सबसे खराब रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। बोपन्ना का फ्रेंच ओपन में निराशाजनक प्रदर्शन रहा और वह सोमवार को जारी ताजा एटीपी रैंकिंग में नौ स्थान गिर कर 49वें नंबर पर खिसक गए। इससे पहले 21 जून 2010 को बोपन्ना 52वीं रैंकिंग पर थे। बोपन्ना ने वर्ष 2019 की शुरुआत 32वें स्थान के साथ की थी और अब वह 49वें नंबर पर पहुंच गए हैं। 

फ्रेंच ओपन में अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। दिविज शरण तीन स्थान गिरकर 42वें नंबर पर पहुंचे हैं लेकिन शीर्ष युगल भारतीय बने हुए हैं। जीवन नेदुनचेझियन का 72वां स्थान बरकरार है। लिएंडर पेस को तीन स्थान का फायदा हुआ है और वह 77वें नंबर पर पहुंचे हैं। पूरव राजा एक स्थान गिरकर 83वें नंबर पर खिसके हैं। एकल रैंकिंग में प्रजनेश गुणेश्वरन तीन स्थान गिरकर 91वें और रामकुमार रामनाथन चार स्थान गिरकर 147वें नंबर पर खिसके हैं।