Sports

लुसाने (स्विट्जरलैंड): नीदरलैंड की इवा डि गोएडे और बेल्जियम के आर्थर वैन डोरेन को 2018 का अंतरराष्टूीय हाॅकी महासंघ (एफआईएच) का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया जबकि भारत की झोली एक बार फिर खाली रही।   

PunjabKesari
इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों को 1998 में शुरू किया गया और कोई भी भारतीय हाॅकी खिलाड़ी इसे हासिल नहीं कर पाया है। डि गोएडे को साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी जबकि विश्व चैंपियन बेल्जियम के वैन डोरेन को लगातार दूसरे वर्ष साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया। एफआईएच हाॅकी स्टार्स अवार्ड में वैन डोरेन बेल्जियम के उन चार खिलाडिय़ों में शामिल रहे जिन्हें पुरस्कार मिला।   

PunjabKesari
बेल्जियम के ही विन्सेंट वानाश को लगातार दूसरी बार साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष गोलकीपर चुना गया जबकि उनके हमवतन आर्थर डि स्लोवर को डिफेंस में शानदार प्रदर्शन के लिए साल का उभरता हुआ पुरुष खिलाड़ी चुना गया। बेल्जियम की विश्व कप विजेता टीम के कोच शेन मैकलियोड साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष कोच चुने गए।नीदरलैंड की मुख्य कोच एलिसन अनान को लगातार दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ महिला कोच चुना गया। इंग्लैंड की मेडी हिच को लगातार तीसरे साल सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर चुना गया जबकि अर्जेन्टीना की मिडफील्डर लूसियाना वोन डेर उभरती हुई महिला खिलाड़ी चुना गया।