स्पोर्ट्स डेस्कः बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऐतिहासिक 2-0 क्लीन स्वीप कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया है। पाकिस्तान पर दूसरी टेस्ट जीत के बाद बांग्लादेश ने भारत को पीछे छोड़ते हुए पांचवें स्थान पर कब्जा जमा लिया, जबकि टीम इंडिया छठे नंबर पर खिसक गई है।
सिलहट टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 78 रन से हराकर सीरीज अपने नाम की। इससे पहले मीरपुर टेस्ट में भी बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रन से हराया था। लगातार दो जीत के बाद बांग्लादेश के प्रतिशत अंक 58.33 हो गए हैं, जबकि भारत 48.15 प्रतिशत अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गया है।
पाकिस्तान की हार से बदली WTC की तस्वीर
पाकिस्तान को सिलहट टेस्ट में 437 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला था। मोहम्मद रिजवान ने 94 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम को मैच में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन पूरी टीम 358 रन पर सिमट गई।इस हार के साथ पाकिस्तान WTC तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है। टीम ने मौजूदा चक्र में अब तक चार टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ एक जीत मिली है जबकि तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।
भारत ने अभी तक नहीं खेला कोई टेस्ट
शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इस साल अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। भारत ने अब तक WTC 2025-27 चक्र में 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 4 जीत, 4 हार और 1 मैच ड्रॉ रहा है। भारत को इस साल के आखिर में श्रीलंका और न्यूजीलैंड दौरे पर दो-दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद 2027 में घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। हाल ही में भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं इंग्लैंड दौरे पर टीम ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी।
ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर कायम
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल पहले स्थान पर बना हुआ है। टीम ने 8 टेस्ट मैचों में 7 जीत दर्ज की हैं और उसके 87.50 प्रतिशत अंक हैं। न्यूजीलैंड 77.78 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका तीसरे और श्रीलंका चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
मैच का परिणाम
दूसरा टेस्ट: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 78 रन से हराया
सीरीज परिणाम: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 2-0 से क्लीन स्वीप किया