Sports

चेन्नई: चेन्नई सुपरकिंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और हरफनमौला रविंद्र जडेजा बीमार हैं। यह खबर विश्व कप का इंतजार कर रहे भारतीय प्रशंसकों को मायूस कर सकती है। धोनी और जडेजा के बिना शुक्रवार को सुरेश रैना की अगुवाई में चेन्नई की टीम घरेलू मुकाबले में मुंबई इंडियन्स से 46 रन से हार गई थी। 

PunjabKesari
बुखार के कारण धोनी मैदान में नहीं उतर सके थे। धोनी और जडेजा की बीमारी के बारे में फ्लेमिंग ने कहा, वे (धोनी और जडेजा) दोनों ही काफी बीमार हैं। दोनों अस्वस्थ है, विषाणु और जीवाणु की चपेट में है। बहुत सारी टीमें इस समय ऐसी स्थिति से संघर्ष कर रही हैं। टूर्नामेंट के इस सत्र में धोनी सात पारियों में 100 से अधिक के औसत से 314 रन के साथ चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। विश्व कप इंग्लैंड में 30 मई से शुरू हो रहा है जिसमें धोनी और जडेजा दोनों भारतीय टीम का हिस्सा हैं। टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच जून को अपने अभियान की शुरूआत करेगी। 

PunjabKesari
प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी चेन्नई की टीम का अगला मुकाबला एक मई को दिल्ली कैपिटल्स से होगा। फ्लेमिंग ने कहा कि पिछले दो सप्ताह में टीम ने छह मैच खेले हैं और चार के विश्राम से खिलाड़ियों को फायदा होगा। न्यूजीलैंड के इस पूर्व कोच ने कहा, ‘हम चार दिन के विश्राम का इंतजार कर रहे थे। मुझे लगता है कि मुंबई (पांच दिन का विश्राम) को इसका फायदा मिला है। हम भी वही करेंगे।'