Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लग सकता है। टीम के कार्यवाहक कप्तान मिचेल मार्श टखने की चोट और IPL 2026 की थकान के कारण सीरीज से बाहर हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं।

IPL 2026 में शानदार रहा मिचेल मार्श का प्रदर्शन

मिचेल मार्श ने IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 13 पारियों में 43.30 की औसत और 163.18 के स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले। हालांकि LSG प्लेऑफ की रेस से जल्दी बाहर हो गई थी। मार्श टीम के आखिरी लीग मुकाबले में नहीं खेले और कैंप छोड़कर ऑस्ट्रेलिया लौट गए।

जोश इंग्लिस बन सकते हैं कप्तान

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार जोश इंग्लिस पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कमान संभाल सकते हैं। इंग्लिस ने भी IPL 2026 में LSG के लिए दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 53.20 की औसत और 186.01 के स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले।

पाकिस्तान के खिलाफ पहले भी कप्तानी कर चुके हैं इंग्लिस

अगर इंग्लिस कप्तानी करते हैं तो यह पहली बार नहीं होगा। इससे पहले 2024 में भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पर्थ वनडे में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की थी। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 140 रन पर ऑलआउट कर 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तान ने वह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।

मार्श की गैरमौजूदगी में कौन करेगा ओपनिंग?

ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें सिर्फ मार्श तक सीमित नहीं हैं। टीम पहले से ही पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क जैसे तेज गेंदबाजों के बिना है। वहीं ट्रेविस हेड IPL 2026 प्लेऑफ में व्यस्त हैं। ऐसे में जोश इंग्लिस मैथ्यू शॉर्ट के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। इसके अलावा ओली पीक, मैट रेनशॉ और मार्नस लाबुशेन भी विकल्प के तौर पर मौजूद हैं। पंजाब किंग्स के बाहर होने के बाद कूपर कॉनॉली को भी संभावित रिप्लेसमेंट माना जा रहा है।

पाकिस्तान वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

मिचेल मार्श (कप्तान), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, राइली मेरिडिथ, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, मैथ्यू शॉर्ट, बिली स्टैनलेक और एडम जैम्पा।