Sports

नई दिल्लीः एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और इसी वर्ष ओडिशा में आयोजित होने वाले पुरूष विश्वकप के मद्देनकार बुधवार को 25 सदस्यीय पुरूष हॉकी दल की घोषणा की गयी जो 16 सितंबर से अगले चार सप्ताह तक भुवनेश्वर स्थित राष्ट्रीय शिविर में तैयारी करेगी।  

हॉकी इंडिया(एचआई) ने 25 सदस्यीय मूल पुरूष हॉकी दल का चयन किया है जो 16 सितंबर से कलिंगा हॉकी स्टेडियम में शुरू हो रहे राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा लेगी और मुख्य कोच हरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में तैयारी करेगी। यह अभ्यास शिविर ओमान के मस्कट में 18 अक्टूबर से शुरू हो रहे एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट से चार दिन पूर्व 14 अक्टूबर को संपन्न होगा।  

गत चैंपियन भारतीय पुरूष हॉकी टीम मस्कट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। एशियाई खेलों में अपने खिताब का बचाव करने से चूकी टीम के लिये चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन पिछली निराशा को दूर करने के लिये अहम होगा। भारत ने इंडोनेशिया में हुये एशियाड में पाकिस्तान को हराकर कांस्य जीता था और अब उसकी निगाहें अपनी मेजबानी में होने वाले विश्वकप में पोडियम फिनिश है।