Sports

नई दिल्ली : भारत की शीर्ष धाविका दुती चंद का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तोक्यो के लिये कट में जगह बनाने के लिये काफी नहीं है लेकिन उनका कहना है कि अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना जाना उन्हें मुश्किल ‘ओलंपिक क्वालीफिकेशन मार्क' को हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। इस 24 वर्षीय एथलीट को 26 अन्य खिलाड़ियों के साथ अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया।

2018 एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर दोनों की रजत पदकधारी का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11.22 सेकेंड का है जो उन्होंने पिछले साल हासिल किया था। दुती ने 11.32 सेकेंड के ‘क्वालीफाइंग मार्क' को हासिल कर रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया था लेकिन इस बार यह 11.15 सेकेंड है। दुती ने कहा, ‘यह पुरस्कार सही समय पर मिला है। आपके प्रदर्शन और उपलब्धियों का सरकार द्वारा किसी भी तरह सम्मान किया जाना हमेशा खिलाड़ी के आत्मविश्वास को बढ़ाता है।'

उन्होंने कहा, ‘इससे मुझे ओलंपिक के लिये मेरे प्रयासों को और अच्छा करने के लिए मजबूती मिलेगी और मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा। मुझे अगले साल तोक्यो में अपने दूसरे ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने और तोक्यो में बेहतर करने की उम्मीद है।' दुती ने कहा, ‘यह मुश्किल होगा (11.15 सेकेंड का समय निकालना) लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि मैं इसे हासिल कर लूंगी। इस पुरस्कार से मेरे प्रयासों को बल मिलेगा।'