Sports

नई दिल्लीः फिल्म गोल्ड के ग्रैंड म्यूजिक लाॅन्च पर बाॅलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने कहा कि यह कहानी उस व्यक्ति की है जिसने काम तो किया लेकिन कभी भी उसका नाम सामने नहीं आया इसलिए यह पर्दे के पीछे रहने वाले की कहानी है। रीमा काग़ती के बारे में बात करते हुए अक्षय ने कहा कि मुझे खुशी है कि क्रिकेट से अलग इन्होंने हॉकी पर फिल्म बनाई है। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्हें लगता है कि हॉकी को अभी तक राष्ट्रीय खेल घोषित नहीं किया गया है, ऐसे में क्या हॉकी को यह दर्जा मिलना चाहिए। इस पर अक्षय कहते हैं कि उन्हें लगता है कि हां, माहौल बदलने की उम्मीद हैं। अक्षय ने बताया कि इस फिल्म को हॉकी गेम नहीं स्पोर्ट्स पर बनी फिल्म के रूप में देखा जाए। अक्षय ने यह भी बताया कि उन्हें स्कूल के दिनों में बॉलीबॉल, रनिंग और कराटे में गोल्ड मेडल मिला है। उनके बेटे आरव को भी हाल ही में जब मार्शल आर्ट में गोल्ड मेडल मिला तो उन्हें बहुत खुशी मिली थी।

अक्षय ने बताया कि वह जब स्कूल में थे तब हॉकी में गोलकीपर बनते थे। दी गोल्ड में उनका 20 सेकेंड का हॉकी खेल भी दर्शक देख पाएंगे। अक्षय ने यह भी बताया कि सेट पर उन्होंने खूब हॉकी खेली है। सभी कास्ट के साथ शूटिंग के बाद हॉकी खेला करते थे। फिल्म गोल्ड 15 अगस्त को रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म के म्यूजिक लांच के दौरान फिल्म के कई गाने लॉन्च किए गए,जिनमें घर लाएंगे गोल्ड, मोने बिना प्रमुख थे।