Sports

सियोंगनामः भारत के अजीतेश संधू ने सर्दी और हवा के बावजूद आज यहां 37 वीं जीएस काल्टेक्स माएकयुंग ओपन गोल्फ चैम्पियनशिप के पहले दौर में चार अंडर पार 67 का कार्ड खेलकर एक शाट की बढ़त हासिल की। 

उन्होंने छह बर्डी लगायी लेकिन दो बोगी भी कर बैठे। इस टूर्नामेंट में कोरिया का दबदबा रहा है , जिसमें 2004 में अमेरिका के मार्क कालकावेचिया के बाद किसी विदेशी खिलाड़ी ने खिताब नहीं जीता है। वहीं एक अन्य भारतीय शिव कपूर दो अंडर 69 के कार्ड से संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर बने हुए हैं , उन्होंने पांच बर्डी की जबकि एक बोगी और एक डबल बोगी भी उनके खाते में रहीं।            

गगनजीत भुल्लर और एस चिक्कारंगप्पा 72-72 के कार्ड से संयुक्त रूप से 33 वें स्थान पर हैं।  जीव मिल्खा सिंह (74) संयुक्त 70 वें जबकि अर्जुन अटवाल व ज्योति रंधावा 75-75 के कार्ड से संयुक्त 87 वें स्थान पर चल रहे हैं। खालिन जोशी (76) संयुक्त 100 वें स्थान पर हैं।