Sports

जकार्ताः भारतीय खिलाड़ी अचंत शरत कमल तथा मनिका बत्रा 18वें एशियाई खेलों में शुक्रवार को टेबल टेनिस की पुरूष और महिला एकल स्पर्धाओं के अपने अपने राउंड-16 मुकाबलों में हारकर बाहर हो गये। इसी के साथ दोनों भारतीय खिलाड़ियों की इन खेलों में चुनौती भी समाप्त हो गयी। पुरूष टीम और मिश्रित युगल में कांस्य पदक दिलाने वाले अनुभवी अचंत को राउंड-16 मुकाबले में चीनी ताइपे के चीयुआन चुआंग से 2-4 से हार झेलनी पड़ी। अचंत ने हालांकि चुआंग के खिलाफ चुनौती रखने का प्रयास किया और दूसरे तथा चौथे गेम को जीता लेकिन निर्णायक पांचवें गेम में 9-11 से हारकर गये।   

PunjabKesari

36 वर्षीय अचंत अंतत: 44 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले को 11-7, 9-11, 12-10, 14-16, 11-9 से गंवा बैठे। अचंत ने मिश्रित युगल में मनिका के साथ कांस्य पदक जीता था और दो कांस्य पदकों के साथ उनकी एशियाई खेलों से विदाई हो गयी।  महिला एकल के राउंड-16 में मनिका खास चुनौती नहीं रख सकीं और विश्व की पांचवें नंबर की चीनी खिलाड़ी मानियू वांग से उन्हें 1-4 से शिकस्त मिली। वह मैच में केवल चौथा गेम ही 11-6 से जीत सकीं। 23 साल की मनिका वांग के हाथों 2-11, 8-11, 8-11, 11-6, 4-11 से 32 मिनट में पराजित होकर बाहर हो गयीं।   

PunjabKesari

इस वर्ष गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में महिला टीम और महिला एकल में स्वर्ण तथा महिला युगल में रजत और मिश्रित युगल में कांस्य सहित सर्वाधिक चार पदक जीतने वाली शीर्ष रैंक भारतीय खिलाड़ी मनिका का इन एशियाई खेलों में कांस्य के साथ सफर समाप्त हो गया। हालांकि विश्व की 58वीं रैंक मनिका ने एशियाई खेलों की टेबल टेनिस स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच दिया। एकल मुकाबलों में पुरूष खिलाड़ी जी सत्यन राउंड-16 में जापानी खिलाड़ी केंता मात्सुदायरा के खिलाफ अपनी चुनौती रखेंगे।