खेल डैस्क : आईपीएल 2022 कई क्रिकेटरों के लिए कभी न भूलने वाला सीजन होगा। सीजन में कई नाटकीय घटनाक्रम हुई। आईपीएल खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें प्वाइंट टेबल में निचले कतार में रही। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए तो वहीं, बेंगलुरु के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज लय ढूंढने के लिए संघर्ष करते दिखे। आइए जानते हैं सीजन के 5 फ्लॉप क्रिकेटरों के बारे में जो यह सीजन कभी नहीं भूलेंगे।
रोहित एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह सीजन फ्लॉप रहा। वह 14 मैचों में 268 रन बना पाए जिसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है। रोहित पूरे सीजन में सिर्फ 6 बार 20 का आंकड़ा पार कर पाए। रोहित को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से आराम दिया गया है।
मोहम्मद सिराज को सबसे ज्यादा छक्के
सिराज को आरसीबी ने 7 करोड़ में रिटेन किया गया था। उन्होंने 15 मैचों में 9 विकेट लिए। उनका औसत 57.11 तो इकोनमी 10.08 प्रति ओवर रही। उन्हें सीजन में 30 छक्के लगे जोकि सीजन में किसी बॉलर का सबसे खराब रिकॉर्ड है। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भी शामिल नहीं किया गया है।
रविंद्र जडेजा ने लय खोई
रवींद्र जडेजा को सीजन की शुरूआत में चेन्नई का कप्तान बनाया गया था। उनकी कप्तानी टीम को रास नहीं आई। बीच सीजन में ही उन्होंने कप्तानी छोड़कर दोबारा धोनी को दे दी। इसलिए जडेजा चोट लगने के कारण टीम से बाहर हो गए। उनका बल्ले और गेंद से प्रदर्शन भी स्तरीय नहीं रहा। उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 116 रन बनाए जबकि उन्हें सिर्फ पांच विकेट ही मिलीं। जडेजा के हाथ से कई आसान कैच भी निकले।
केन विलियमसन फ्लॉप
2018 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सीजन में 734 रन बनाने वाले कप्तान केन विलियमसन इस सीजन में बुरी तरह फ्लॉप रहे। उन्होंने 13 मैचों में 216 रन बनाए जिसमें सिर्फ एक ही अर्धशतक शामिल था। हैदराबाद सीजन में कुछ खास नहीं कर पाई। वार्नर को छोडऩे के बाद हैदराबाद ने 14 में से सिर्फ 6 मुकाबले जीते और वह प्वाइंट टेेबल में 8वें स्थान पर रही।
पोलार्ड नहीं चले
मुंबई इंडियंस के किरोन पोलार्ड ने निराश किया। हार्दिक के टीम से बाहर होने के बाद पोलार्ड लय बरकरार नहीं रख पाए। उन्होंने 11 मैचों में 14 की औसत से 144 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट सिर्फ 107 रही। उन्हें सिर्फ 4 ही विकेट मिलीं।
एक्स्ट्रा शॉट
ऐसा पहली बार हुआ जब भारतीय स्टार बल्लेबाज एक सीजन में तीन बार शून्य पर आऊट हो गए। हालांकि कोहली के यह सीजन नपातुला रहा। उन्होंने 16 मैचों में दो अर्धशतक की मदद से 341 रन बनाए। इस दौरान उनकी औसत 22 तो स. रेट 115 की रही।