Sports

चंडीगढ़: पंजाब सरकार इस वर्ष 'गोल्ड कोस्ट' में हुए राष्ट्रमंडल खेलों और जकार्ता एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के 23 पुरूष और महिला खिलाड़ियों को 11 अक्टूबर को यहां एक समारोह में 155 करोड़ रूपये के नकद पुरस्कारों से सम्मानित करेगी। राज्य के खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढी ने बुधवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि ये पुरस्कार राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक तथा एशियाई खेलों में तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीते थे।
PunjabKesari
सोढी के अनुसार खेलों में राज्य की शान पुन: बहाल करने और राज्य में खेल संस्कृति पैदा करने के लिए हाल ही में राज्य सरकार ने नई खेल नीति को हरी झंडी दी है। उन्होंने बताया कि नई खेल नीति के अनुसार राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में पदक विजेताओं को अब तीन गुणा बढ़ी हुई पुरस्कार राशि मिलेगी जिसके तहत प्रति पदक राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता को क्रमश: 75 लाख, 50 लाख और 40 लाख रुपए और एशियाई खेलों के लिए एक करोड़, 75 लाख और 50 लाख रुपए मिलेंगे।
PunjabKesari
खेल मंत्री के अनुसार सरकार का लक्ष्य है कि 2020 के टोक्यो ओलंपिक खेलों में राज्य के खिलाड़ी अधिकाधिक पदक जीतें तथा उन्हें पूरी उम्मीद है कि नए खेल नीति के अच्छे परिणाम सामने आएंगे। समारोह में निशानेबाज हिना सिद्धू, बैडमिंटन खिलाड़ी प्रणव चोपड़ा, निशानेबाका अंजुम मुद्गिल और भारोत्तोलक प्रदीप सिंह तथा विकास ठाकुर, एथलीट नवजीत कौर ढिल्लों, तजिंदरपाल सिंह तूर और अरपिंदर सिंह, नौकायन में स्वर्ण सिंह विर्क, सुखमीत सिंह और भगवान सिंह, कबड्डी में रणदीप कौर खैहरा, हॉकी में गुरजीत कौर और रीना खोखर, पुरुष हॉकी में 9 खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, वरुण कुमार, हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सिमरनजीत सिंह, कृष्ण पाठक और दिलप्रीत सिंह को नकद पुरस्कार से समानित किया जायेगा।