Sports

नई दिल्लीः लिएंडर पेस और पूरव राजा नॉक्सविले चैलेंजर ट्राॅफी जीतकर एटीपी विश्व रैंकिंग में पुरूष युगल में आगे बढऩे में सफल रहे जबकि एकल में युकी भांबरी भी तीन पायदान के सुधार के साथ 137वें स्थान पर पहुंच गये।   

पेस को सत्र के अपने चौथे चैलेंजर खिताब से रैंकिंग में तीन पायदान का फायदा हुआ और अब वह 67वें स्थान पर काबिज हो गये जबकि राजा एक पायदान ऊपर 61वें स्थान पर पहुंच गये हैं। रोहन बोपन्ना युगल में देश के शीर्ष खिलाड़ी बने हुए हैं। वह पहले की तरह 15वें स्थान पर बरकरार हैं। उनके बाद दिविज शरण (51) का नंबर आता है जो एक स्थान नीचे खिसके हैं। जीवन नेदुचेझियन (97) शीर्ष 100 में शामिल पांचवें भारतीय खिलाड़ी हैं।   

एकल में भांबरी ने शीर्ष 100 में जगह बनाने की तरफ कदम बढ़ाये लेकिन रामकुमार रामनाथन दो पायदान नीचे 150वें स्थान पर खिसक गए। महिलाओं की डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सानिया मिर्जा पहले की तरह 12वें स्थान पर बनी हुई हैं। उनके 4475 अंक हैं।