Sports

नागपुरः श्रीलंका के कोच निक पोथास ने आज स्पष्ट किया कि वीसीए स्टेडियम में पिच में कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन छह बल्लेबाजों के सीधी गेंद पर आउट होने का उन्हें मलाल है।  पोथास ने पहले दिन के खेल के दौरान अपनी टीम के पहली पारी में 205 रन पर सिमटने के बाद कहा, ‘‘विकेट में कोई दिक्कत नहीं थी। यह स्पिन नहीं कर रही थी और गेंद सीम भी नहीं हो रही थी। छह खिलाड़ी सीधी गेंद पर आउट हुए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह कोई हैरानी की बात नहीं है कि रविंद्र जडेजा सीधी गेंदें फेंकता है। रविचंद्रन अश्विन और जडेजा ने सीधे स्टंप पर गेंद डालकर विकेट हासिल किए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस स्तर पर आज सीधी गेंद नहीं चूक सकते।’’  

ड्रेसिंग रूम में निराश थे खिलाड़ी 
पोथास ने कहा, ‘‘पिछली श्रृंखला में गेंद स्पिन हो रही थी। आप दुनिया के दो शीर्ष स्पिनरों (अश्विन और जडेजा) की बात कर रहे हैं। यहां विकेट से कुछ मदद नहीं मिल रही थी। बस गेंद थोड़ी तेजी से निकल रही थी। ऐसा विकेट जिस पर गेंदबाज को अधिक मदद नहीं मिल रही हो उस पर हमने स्पिन के खिलाफ छह विकेट गंवाए। ’’  उन्होंने कहा, ‘‘ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ी निराश थे क्योंकि उन्हें अपने लिए उच्च मानक तय किए हैं। उन्हें निराश होना ही चाहिए।’’  

शाट खेलने का समय सर्वश्रेष्ठ नहीं रहा
पोथास ने स्वीकार किया कि कप्तान दिनेश चांदीमल का अश्विवन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने का फैसला करने का समय सही नहीं था, हालांकि सकारात्मक रवैया अपनाने की जरूरत थी। उन्होंने कहा, ‘‘कप्तान ने उस समय यह फैसला किया। हम बल्लेबाजों को क्रीज पर रहने के दौरान फैसला करने का अधिकार देते हैं। उसने बेशक महसूस किया होगा कि यह (रिवर्स स्वीप) उस समय रन बनाने का सर्वश्रेष्ठ तरीका था लेकिन यह काम नहीं कर पाया। मैं संभवत: यह कहूंगा कि यह शाट खेलने का समय सर्वश्रेष्ठ नहीं था।’’