Sports

नई दिल्लीः भारतीय टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण अपने करियर में पहली बार विश्व युगल रैंकिंग में शीर्ष 50 में पहुंचने में सफल रहे जबकि चीन में चैलेंजर टूर्नामेंट जीतने वाले विष्णु वर्धन ने आज जारी एटीपी विश्व रैंकिंग में चोटी के 100 खिलाडिय़ों में जगह बनाने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। जूनियर विश्व युगल रैंकिंग में 2003 में शीर्ष पांच में जगह बनाने वाले शरण एक पायदान चढ़कर सीनियर वर्ग की विश्व रैंकिंग में 50वें स्थान पर पहुंच गये हैं। वह भारतीय खिलाडिय़ों में रोहन बोपन्ना (एक पायदान नीचे 15वें स्थान पर) के बाद दूसरे नंबर के खिलाड़ी बने हुए हैं।   

वर्धन ने 16 स्थान की लंबी छलांग लगाई
भारत के कुल पांच खिलाड़ी एटीपी युगल रैंकिंग में शीर्ष 100 में शामिल हैं। बोपन्ना और शरण के बाद पुरव राजा (62), लिएंडर पेस (एक पायदान नीचे 70वें) और जीवन नेदुचेझियन (एक पायदान नीचे 97वें) का नंबर आता है। इस सूची में जल्द ही विष्णु वर्धन और एन श्रीराम बालाजी का नाम भी जुड़ सकता है। इन दोनों ने मिलकर कल चीन के शेनजेन में एटीपी चैलेंजर खिताब जीता था जो उनका इस साल का तीसरा खिताब है। इससे वर्धन ने 16 स्थान की लंबी छलांग लगाई है और वह 118वें स्थान पर पहुंच गए हैं। 

सानिया टाॅप 10 से बाहर
बालाजी को भी आठ स्थान का फायदा हुआ है और वह अब 139वें स्थान पर हैं।   एटीपी एकल रैंकिंग में युकी भांबरी (140) अब भी भारत के शीर्ष खिलाड़ी बने हुए हैं हालांकि वह एक पायदान नीचे खिसके हैं। रामकुमार रामनाथन दो पायदान नीचे 148वें स्थान पर हैं जबकि प्रजनेश गुणेश्वरन (255) भारतीय खिलाडिय़ों में तीसरे स्थान पर हैं। वह सात पायदान आगे बढ़े हैं। महिलाओं की डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सानिया मिर्जा पिछले सप्ताह ही तीन पायदान नीचे 12वें स्थान पर खिसककर शीर्ष दस से बाहर हो गयी थी।