Edited By ,Updated: 30 Sep, 2016 12:22 PM
विश्व के चौथे नंबर के टैनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल ने उस समय अपना प्रदर्शनी मैच रोक दिया जब दर्शकदीर्घा में बैठी एक मां ...
मैड्रिड: विश्व के चौथे नंबर के टैनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल ने उस समय अपना प्रदर्शनी मैच रोक दिया जब दर्शकदीर्घा में बैठी एक मां ने अपनी बेटी को भीड़ में खो दिया।
नडाल और जॉन मैकेनरो एक प्रदर्शनी मैच में खेल रहे थे तभी नडाल जॉन मैकेनरो को सर्व करते-करते बीच में ही रुक गए। नडाल ने दर्शकों के बीच से एक आवाज सुनी, 30 वर्षीय एक मां अपने खोई हुई बच्ची को आवाज लगा रही थी। ये मां अपने 5 साल की बच्ची से बिछड़ गई थी और उसका नाम लेकर दर्शकों में उसे ढूंढ रही थी। यहां पर नडाल ने एक अनोखी मिसाल पेश करते हुये मैच को बीच में ही रोक दिया और खिलाडिय़ों के साथ-साथ दर्शक भी उस बच्ची को ढूंढने में लग गए।
बेटी के मिलने के बाद ही नडाल ने दुबारा अपना खेल शुरु किया। यह नजारा देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर नडाल और मां-बेटी का अभिनंदन किया। नडाल के साथी युवा स्पैनिश खिलाड़ी साइमन सोल्बस थे और इन दोनों ने मैकेनरो और मोया की दिग्गज टीम को 3-6, 6-3, 10-8 से हराया। पूर्व विश्व नंबर एक नडाल अब तक 14 ग्रैंड स्लेम खिताब जीत चुके हैं। इसके अलावा 17 एटीपी वर्ल्ड टूर 500 टूर्नामैंट जीत चुके हैं। नडाल 17 एटीपी वर्ल्ड टूर 500 टूर्नामैंट जीतकर रोजर फेडरर के साथ बराबरी कर चुके हैं।