Sports

नई दिल्ली:  पंजाब रॉयल्स की टीम ने पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) के मुकाबले में आज यहां मुंबई महारथी को हराकर उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को तोड़ दिया। सीरीफोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले जा रहे टूर्नामेंट के करो या मरो मुकाबले में पंजाब रॉयल्स की टीम ने मुंबई महारथी के खिलाफ 5-2 से जीत दर्ज की। मुंबई को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए इस मुकाबले में जीत हासिल करनी थी लेकिन तीन बड़े उलटफेर करके पंजाब ने मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके साथ ही वीर मराठा की टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। मुंबई के स्टार पहलवान साक्षी मलिक, सत्यव्रत कादियान और ओडुनायो एडेकुओरोय उलटफेर के शिकार हुए। 

इस मुकाबले का पहली बाउट पुरुषों के 92 किलोग्राम भारवर्ग में खेली गई जहां मुंबई महारथी के कादियान को पंजाब रॉयल्स के दीपक पूनिया ने 6-5 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसके बाद महिलाओं की 76 किलोग्राम भारवर्ग में 2 फ्रांसीसी पहलवानों के बीच मैच में पंजाब की सेलेन फांटा कोम्बा मुंबई की वेस्किन सेंथिया पर भारी पड़ी। इस जीत के साथ ही मुकाबले में पंजाब की टीम 2-0 से आगे हो गई। 

पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में खेले गए तीसरे मुकाबले में इर्डेनेबाटेन बेखब्यार ने पंजाब के मौजूदा राष्ट्रीय चैम्पियन उत्कर्ष काले को 10-0 से हराकर मुंबई की इस अहम मुकाबले में वापसी कराई।  मुंबई को चौथे मुकाबले में फिर से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई की ओडुनायो को उलटफेर गर्ल पंजाब की पूजा ढांडा ने चित-पट के आधार पर 4-2 से हराकर एक और उलटफेर कर दिया। इससे पहले पूजा ने विश्व और ओलिंपिक चैम्पियन हेलेन मारोलिस को हराकर सनसनी फैलाई दी थी।

मुकाबले के 5वे मुकाबले में पंजाब के पेट्रोशिवली गेनो ने सतेंदर मलिक को 7-0 से हराकर निर्णायक बढ़त हासिल कर ली और मुंबई को लीग से बाहर का रास्ता दिखा दिया। महिलाओं के 62 किलोग्राम भारवर्ग में मुंबई की आइकॉन स्टार साक्षी मलिक को पंजाब की ग्रिगोर्जेवा एनास्तसिजा ने चित-पट के आधार पर 10-2 से हराकर सबको सन्न कर दिया। साक्षी की मौजूदा सीजन में यह पहली हार थी।  इस मुकाबले की आखिरी बाउट मुंबई के ओलिंपिक चैम्पियन सोसलान रामानोव और पंजाब के बेकलुलातोव इलियास के बीच 65 किलोग्राम भारवर्ग में खेला गया जहां सोसलान ने 7-6 से मुंबई को सांत्वना जीत दिलाई। लीग राउंड में अच्छे प्रदर्शन के दम पर यूपी, हरियाणा, पंजाब और वीर मराठा की टीमों ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है।