Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Jul, 2017 04:43 PM
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दो साल के प्रतिबंध के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लौटी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की वापसी का अपने ही अंदाज में स्वागत किया है...
नई दिल्ली: पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दो साल के प्रतिबंध के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लौटी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की वापसी का अपने ही अंदाज में स्वागत किया है।
धोनी ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर चेन्नई सुपरकिंग्स की जर्सी पहने एक फोटो पोस्ट की जिसके पीछे 7 नंबर और तमिल शब्द ‘थला’ लिखा हुआ है। तमिल में थला शब्द का मतलब लीडर या बॉस होता है। धोनी को यह नाम चेन्नई के दर्शकों ने दिया था। फोटो में जर्सी पहने धोनी अपने घर के बाहर अपने कुत्ते के साथ खेलते हुये भी दिख रहे हैं।
सीएसके पर प्रतिबंध के बाद धोनी ने आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स टीम का नेतृत्व किया था। पुणे की टीम इस वर्ष फाइनल तक पहुंची थी जहां उसे मुंबई के हाथों एक रन से हार का सामना करना पड़ा था। पूर्व भारतीय कप्तान धोनी के नेतृत्व में चेन्नई की टीम 2010 और 2011 में खिताब जीत चुकी है। इसके अलावा वह 2010 और 2014 में चैंपियंस लीग का खिताब भी अपने नाम कर चुकी है।
चेन्नई के अलावा राजस्थान रायल्स की टीम पर से भी शुक्रवार को आधिकारिक रूप से प्रतिबंध हटा लिया गया। दोनो टीमों को 2013 में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद दो वर्ष के लिये प्रतिबंधित कर दिया गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने लीग में फिर से वापसी करने पर दोनों टीमों का स्वागत किया है।