Sports

नई दिल्लीः किदाम्बी श्रीकांत का चार साल पहले मस्तिष्क ज्वर के कारण राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण अच्छा नहीं रहा था लेकिन अब जबकि वह अच्छी फार्म में चल रहे हैं तब इस बैडमिंटन खिलाड़ी की निगाह गोल्ड कोस्ट में अगले महीने होने वाले खेलों में पदक जीतने पर लगी हुई हैं।  ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों से कुछ सप्ताह पहले श्रीकांत बीमार पड़ गए थे। उन्हें गोपीचंद अकादमी में बाथरूम के फर्श पर बेहोश पाया गया था। बाद में पता चला कि उन्हें मस्तिष्क ज्वर है। उन्हें एक सप्ताह तक आईसीयू में रहना पड़ा था। लेकिन वह अब बीती बात है और अब श्रीकांत देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों में से एक हैं। उनके नाम पर चार खिताब हैं और उन्होंने पदमश्री सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी हासिल किए। उन्हें अब गोल्ड कोस्ट में स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।  

राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतना मेरी प्राथमिकता 
श्रीकांत ने 2014 की घटना को याद करते हुए कहा, ‘‘वह किसी वाइरस की वजह से हुआ था जिसका मुझे नाम भी याद नहीं। कोई भी मुझे दिन की घटना के बारे में नहीं बताना चाहता और मुझे भी कुछ याद नहीं है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं अच्छा खेल रहा था इसलिए मैंने वापसी की और राष्ट्रमंडल खेलों में खेला लेकिन क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर के खिलाड़ी से हार गया। ’’ श्रीकांत ने कहा, ‘‘अब चार साल बाद मुझे लगता है कि पिछले एक साल में मैंने जो अनुभव हासिल किया उससे मैं आत्मविश्वास से भरा हूं इसलिए यह अलग तरह का अनुभव होगा। निश्चित तौर पर राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतना मेरी प्राथमिकता है।’’          

देश के करोड़ों लोगों को श्रींकात पर उम्मीद
उन्होंने कहा, ‘‘विश्व का नंबर एक खिलाड़ी बनने से अधिक महत्वपूर्ण पदक जीतना है। यह मेरा इस वर्ष का एक लक्ष्य है।’’ पारूपल्ली कश्यप ने ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीतकर भारत को 32 साल बाद पुरूष एकल में खिताब दिलाया था। अब श्रीकांत पर देश के करोड़ों लोगों की उम्मीदें टिकी रहेंगी। कश्यप से पहले केवल प्रकाश पादुकोण (1978) और सैयद मोदी (1982) ही इन खेलों में बैडमिंटन पुरूष एकल का स्वर्ण जीत पाये थे। श्रीकांत ने कहा, ‘‘पिछली बार हमने अच्छी संख्या में पदक जीते थे और अब हम चार साल पहले की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और हमारी अधिक पदक जीतने की अच्छी संभावना है।’’