Sports

नई दिल्ली : दिल्ली के निसार अहमद ने पहले खेलो इंडिया स्कूल खेलों में सबसे तेज धावक बनने का श्रेय हासिल कर लिया है। उन्होंने प्रतियोगिता के तीसरे दिन 20 मिनट के अंदर दो बार 100 मीटर दौडऩे के बावजूद पहला स्थान हासिल किया। निसार ने 10.76 सेकेंड में दौड़ पूरी की। कर्नाटक के शशिकांत दूसरे और हरियाणा के गोविंद कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह उत्तराखंड के अनु कुमार और हरियाणा की पूजा ने एथलेटिक्स में दो स्वर्ण पदक जीते।
खेल मंत्री और ओलंपिक रजत पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विजेताओं को पदक वितरित किए। इस बीच अनु ने लड़कों के 800 मीटर का स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने इससे पहले 1500 मीटर में पहला स्थान हासिल किया था। अनु ने 800 मीटर में 1:52.08 मिनट का समय निकाला जो उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
पूजा ने महिलाओं की चक्का फेंक में सोने का तमगा जीता जो उनका इन खेलों में दूसरे स्वर्ण पदक है। इससे पहले उन्होंने गोला फेंक में भी स्वर्ण पदक जीता था।  गुजरात के विशाल मकवाना ने 3000 मीटर की दौड़ जीती। ओडि़शा के पुंगा सोरेन ने 110 मीटर बाधा दौड़ में पहला स्थान हासिल किया।  लड़कियों की ऊंची कूद हरियाणा की रूबिना यादव ने जीती।