Sports

नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका के महान हरफनमौला जाक कैलिस ने बताया है कि उनके देश के बल्लेबाज भारत के कलाई के स्पिनरों युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव का सामना नहीं कर पा रहे क्योंकि घरेलू र्सिकट पर इस तरह के गेंदबाजों से उनका सामना नहीं होता है। भारत ने छह मैचों की सीरीज में 4-1 की अजेय बढ़त बना ली है। चहल ने 14 और यादव ने 16 विकेट ले लिए हैं।     

कैलिस ने प्रेस ट्रस्ट से कहा- अच्छे लेग ब्रेक गेंदबाजों को समझने में समय लगता है। हमें स्वीकार करना होगा कि हमारे पास विश्व स्तरीय लेग स्पिनर नहीं है। यह हमारे युवाओं के लिए सबक की तरह रहा। उन्होंने कहा- हम भी इस दौर से गुजरे हैं और समय के साथ सीखे हैं।
शेन वार्न और अनिल कुंबले जैसे गेंदबाजों को उनके चरम दौर में खेलने वाले कैलिस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 25000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनका मानना है कि लेग स्पिनरों का सामना करने के लिए कोई परफेक्ट तकनीक नहीं है। उन्होंने कहा- अनुभव ही कुंजी है। लेग ब्रेक गेंदबाजी को समझने के दो तरीके हैं। कलाई से ही गेंद को भांप लें या गेंद के आने का इंतजार करें।

उन्होंने कहा- जितना ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलेंगे, उतना ही समझ जाएंगे। हर कोई संकट से निकलने का अपना तरीका ढूंढ लेता है। कैलिस ने कहा- दक्षिण अफ्रीका को अब पता चल गया होगा कि एबी डिविलियर्स और फाफ डु प्लेसिस जैसे बल्लेबाजों के चोटिल होने के बाद उनकी बल्लेबाजी में गहराई नहीं है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका को इस पर गंभीरता से विचार करना होगा।