Sports

नई दिल्ली: दिल्ली डायनामोज ने आखिरी 20 मिनट में दस खिलाडिय़ों से खेलने के बावजूद दनादन चार गोल दागकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में मंगलवार को मुंबई सिटी एफसी को 5-1 से करारी शिकस्त देकर उसे इस फुटबाल टूर्नामेंट में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। दिल्ली की तरफ से नंदकुमार सेकर (पांचवें मिनट), मैथियास मिराबाजे (73वें), मैनुएल एराना (81वें मिनट पेनल्टी), कालू उचे (84वें) और लालियानजुआला चांग्ते (इंजुरी टाइम 90+1) ने गोल दागे। मुंबई के लिएएकमात्र गोल एवर्टन सांतोस ने 49वें मिनट में किया।

दिल्ली की टीम पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई लेकिन उसने मुंबई की प्लेआफ में पहुंचने की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। मुंबई के अब 17 मैचों में 23 अंक हैं और वह पहले की तरह सातवें स्थान पर बनी हुई है। दिल्ली की यह पिछले पांच मैचों में तीसरी जीत है और उसके अब 17 मैच में 18 अंक हो गए हैं। वह आठवें स्थान पर है।          

बेपरवाह होकर खेल रही दिल्ली ने पांचवें मिनट में ही नंदकुमार की मदद से खाता खोला जिन्होंने सत्यसेन सिंह के क्रास पर गोल किया। इससे वह मध्यांतर तक 1-0 से आगे थी। गोल की तलाश में मुंबई ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही पहला बदलाव किया। मार्सियो रोजारियो की जगह आए लियो कोस्टा ने शुरू में ही अच्छा खेल दिखाया। लियो ने 49वें मिनट में एक अच्छा मूव बनाया और इस पर मुंबई को पहली सफलता मिल गई। दिल्ली ने इसके जवाब में 73वें मिनट में एक जोरदार हमला किया और सफलता हासिल की। 80वें मिनट में एक नाटकीय घटना हुई। एराना गेंद लेकर मुम्बई के बॉक्स में घुसे लेकिन साहिल ने उन्हें गिरा दिया। दिल्ली को पेनल्टी मिली, जिस पर गोल करते हुए एराना ने दिल्ली को 3-1 से आगे कर दिया। इसके बाद दिल्ली के कप्तान कालू उचे ने 85वें मिनट में एराना की मदद से इस सीजन का अपना 11वां गोल किया। रही-सही कसर चांग्ते ने मिराबाजे की मदद से गोल करते हुए पूरी कर दी और दिल्ली को इस सीजन की सबसे बड़ी जीत दिलाई।