Sports

कोलकाता : मुंबई सिटी एफसी ने मार्सियो रोजारियो और राफा जोर्डा के गोलों की मदद से विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में मेजबान एटीके को 2-1 से हराकर खुद को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन के प्लेऑफ की होड़ की अपनी उम्मीदों को कायम रखा। इस जीत के बाद मुंबई के कुल 20 अंक हो गए हैं। वह हालांकि अभी भी 7वें स्थान पर काबिज है लेकिन अगर उसने अपने बाकी के 3 मैच जीत लिए और उससे ऊपर काबिज दूसरी टीमों के बीच होने वाले मैचों के परिणाम अप्रत्याशित रहे तो वह प्लेऑफ का सफर तय कर सकती है।
दूसरी ओर, एटीके की यह 8वीं हार है। उसका आगे का सफर पहले ही समाप्त हो चुका था। मुंबई की टीम पिछले पांच मैचों से अजेय है। मुंबई ने अपने घर में एटीके के हाथों मिली हार का भी हिसाब बराबर कर लिया। मैच का पहला गोल रोजारियो ने 32वें मिनट में किया लेकिन मेजबान टीम ने बिपिन सिंह के 47वें मिनट में किए गए गोल की मदद से बराबरी कर ली। इसके बाद जोर्डा ने 53वें मिनट में गोल करते हुए मुंबई को फिर आगे कर दिया और यह अंतर अंत तक बना रहा।
चेन्नई में जमशेदपुर एफसी और चेन्नयन एफसी ने रविवार को 1-1 से ड्रॉ खेला और इस मुकाबले ने मुंबई की आगे जाने की उम्मीदें बढ़ा दीं हैं। इस ड्रॉ मुकाबले से हालांकि दो बार के उपविजेता केरल ब्लास्टर्स (24 अंक) और 2015 का फाइनल खेलने वाले एफसी गोवा (20) को भी फायदा हुआ है। केरल पांचवें और गोवा छठे स्थान पर है।
बहरहाल, मौजूदा चैम्पियन ने 22वें मिनट में एक अच्छा मौका बनाया लेकिन मुंबई के गोलकीपर अमरिंदर ने समय रहते खतरे को टाल दिया। जयेश राणे ने एक अच्छा थ्रू बाल कोनोर थॉमस को दिया था, जिस पर उन्होंने अच्छा शॉट लिया लेकिन वह अमरिंदर को नहीं छका सके। इससे पहले दोनों टीमों ने कुछ अच्छे मौके बनाए और गेंद पर लगतार कब्जा बनाए रखा लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। शुरुआती 20 मिनट में मुंबई के लिए एचिल इमाना ने कई अच्छे मूव बनाए लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।
प्लेऑफ की आस में अपने आगे के सभी मैच जीतने की चुनौती का सामना कर रही मुंबई को पहली सफलता 32वें मिनट में मिली। रोजारियो ने फ्री किक गोल कर अपनी टीम को आगे कर दिया। एटीके टीम अपने गोलकीपर सोराम पोइरेई के प्रयास से निराश होगी क्योंकि बॉक्स के ठीक बाहर से लिए गए शॉट पर गेंद उनकी आंखों के सामने से पोस्ट में घुस गई। घर में यह एटीके के खिलाफ 13वां और रोजारियो का इस लीग का पहला गोल था।