Sports

जोहांसबर्ग: पिंक लक आखिरकार साऊथ अफ्रीका के काम आ ही गया। बारिश से प्रभावित चौथे वनडे में हालांकि डकवर्थ लुईस के कारण साऊथ अफ्रीका को 27 ओवर में 202 का मुश्किल लक्ष्य मिला था, लेकिन अंत समय में डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन ने धमाकेदार पारियां खेलकर साऊथ अफ्रीका की राह आसान कर दी। हालांकि साऊथ अफ्रीका की शुरुआत काफी धीमी रही थी लेकिन जैसे ही डीविलियर्स मैदान में आए चौकों-छक्कों की बरसात शुरू हो गई। इसके बाद मिलर ने भी मौका भुनाते हुए दो छक्के और 4 चौकों के साथ 39 रन जड़ दिए। बाकी रही सही कसर क्लासेन (43) ने निकाल दी। वहीं, अंत समय में फेलकूवायो (23) ने महज पांच गेंद में तीन छक्के और एक चौका लगाकर साऊथ अफ्रीका की जीत पक्की कर दी। 

साऊथ अफ्रीका ने चौथा वनडे जीतकर 6 मैचों की सीरीज में उम्मीदें जगा ली हैं। वहीं, भारत को दक्षिण अफ्रीका की धरती पर पहली बार वनडे सीरीज जीतने के लिए अभी अगले दो मैचों का इंतजार करना पड़ेगा। बता दें कि भारत पहले ही सीरीज में तीन मैच जीतकर अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। इससे पहले भारत ने वांड्र्स के मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। भारत का यह फैसला उस वक्त गलत साबित होता नजर आया जब रोहित शर्मा महज 5 रन बनाकर रबादा की गेंद पर उन्हें ही कैच थमाकर चलते बने। हालांकि इसके बाद अपना 100वां वनडे खेल रहे शिखर धवन ने भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ सूझबूझ से पारी आगे बढ़ाई। धवन ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। वहीं कोहली ने भी उनका पूरा साथ दिया। 32वें ओवर में जब कोहली (75) का विकेट गिरा तो भारत 178 रन बना चुका था। वहीं दूसरी ओर शिखर धवन ने भी अपना शतक पूरा किया। धवन ऐसे पहले भारतीय बन गए हैं जिन्होंने अपने 100वें मैच में शतक बनाया। धवन के बाद रहाणे (8) अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। नए शामिल श्रेयस ईय्यर भी 18 रन ही बना पाए। विकेटकीपर धोनी ने थोड़ी मेहनत की। उनकी बदौलत ही टीम इंडिया 289 रन बना पाई। धोनी ने 43 गेंद में 42 रन बनाए। वहीं, पांड्या सिर्फ 9 रन और भुवनेश्वर केवल 5 रन ही बना पाए।