Sports

नई दिल्लीः भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा ने केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से आग्रह किया है कि गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भेजे जाने वाले अतिरिक्त अधिकारियों को बिना सरकारी खर्चे पर भेजने की मंजूरी दी जाए। बत्रा ने दिन में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए खिलाडिय़ों के विदाई समारोह में आरोप लगाया था कि मंत्रालय टीम के साथ जाने वाले अतिरिक्त अधिकारियों में कटौती कर रहा है जिससे देश को ही नुकसान होगा। लेकिन बाद में उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर अपनी पोस्ट में कहा, मैंने राठौर से फोन पर बात की है और अतिरिक्त अधिकारियों को बिना सरकारी खर्चे पर भेजने की मंजूरी देने का अनुरोध किया है।

आईओए अध्यक्ष ने कहा, राष्ट्रमंडल खेलों के प्रोटोकॉल के हिसाब से भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की संख्या के अनुपात से 33 फीसदी अधिकारियों की अनुमति होती है। इन खेलों में भारत का 222 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है और इस हिसाब से 74 अधिकारी भारतीय दल के साथ जा सकते हैं। 

74 की संख्या से ज्यादा अतिरिक्त अधिकारियों के लिए मैंने आग्रह किया है कि इन्हें सरकारी खर्चे के बिना भेजने की अनुमति दी जाए। मैं व्यक्तिगत रूप से खेलमंत्री का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने अतिरिक्त अधिकारियों को बिना सरकारी खर्चे पर भेजने के मुद्दे पर गौर करने का आश्वासन दिया है।