Sports

देवरियाः उत्तर प्रदेश के देवरिया में हाकी को और बढ़ावा देने के लिए यहां एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाया जाएगा। हाकी इंडिया के उपाध्यक्ष, साउथ एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के सचिव आनन्देश्वर पाण्डेय ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि यहां हाकी एस्ट्रो टर्फ बनाने के लिए पहल शुरू कर दी गई है। करीब आठ करोड़ की लागत से बनने वाले इस मैदान के लिये केन्द्र सरकार ने धन को उपलब्ध करा दिया है। 

सबकुछ ठीक रहा तो यहां इस मैदान को बनाने के लिए जल्द ही पहल शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार तथा फेडरेशन के पास धन की कोई कमी नहीं है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जिलाधिकारियों को अपने अपने जिलों में खेलों को बढ़ावा देने के लिये मैदान की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया है। पाण्डेेय ने कहा कि खेल प्रतिभा गांवों से ही मिलती हैं। खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने तथा उनका चयन कराने के लिए पहल की जा रही है। 

क्रिकेट खेल को एक व्यवसाय मानते हुए पाण्डेय ने कहा कि इस खेल पर बहुत सी नामी गिरामी कंपनियां और व्यावसायिक ग्रुप इस खेल पर अथाह पैसा खर्च कर रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि ये कंपनियां हाकी, हैण्डवाल, बालीबाल आदि खेलों पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि देवरिया में अप्रैल माह में आठ पुरूष और आठ महिला टीमों के हैण्डवाल का एक राजस्तरीय खेल का आयोजन किया जाएगा।