Sports

नई दिल्लीः मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर क्रिकेट के लिए कड़ी मेहनत करते दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मुंबई टी-20 लीग के लिए अपना नाम वापिस ले लिया है। यह फैसला उन्होंने अपने पिता सचिन तेंदुलकर से पुछ कर ही लिया है। सचिन मुंबई-20 लीग के ब्रांड एंबेसडर हैं। अर्जुन ने अपना नाम यह कह कर वापिस लिया कि वह इस टूर्नामेंट के लिए तैयार नहीं हैं। मुंबई टी-20 लीग 11 से 21 मार्च तक चलेगी। अचानक इस तरह अर्जुन का लीग में नाम वापिस लेने से लोगों को बड़ा झटका लगा है। 

मुंबई टी-20 लीग के आयोजक पहले से ही परेशान हैं क्योंकि मुंबई के ज्यादातर बड़े खिलाड़ी अन्य प्रतियोगिताओं में व्यस्त हैं। कुछ खिलाड़ी श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला में व्यस्त हैं। वहीं कुछ खिलाड़ी ईरानी ट्राफी की तैयारियों में लगे हैं। अब अर्जुन तेंदुलकर के भी नाम वापस ले लेने से आयोजक परेशान हैं। हाल ही में सचिन तेंदुलकर ने मुंबई टी-20 लीग को लेकर कहा था कि यह लीग राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगी।

अर्जुन इन दिनों कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं इसका जिक्र सचिन तेंदुलकर के सहयोगी ने किया। उन्होंने कहा, ''अर्जुन तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन उनका पिछला लगभग एक साल इंजरी की वजह से खराब हुआ। ऐसी चीजों को दूर करने पर काम किया जा रहा है।''